समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द होगा आंदोलन : लक्ष्मण कुमार झा
सुपौल, 29 सितंबर (हि.स.)।
युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने मंगलवार को जिले की विभिन्न पंचायतों के गांव, टोला और मोहल्लों का दौरा कर लोगों से जनसंपर्क किया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आश्वासन दिया। जनसंपर्क के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों तथा सरकारी व्यवस्था में बैठे अधिकारियों और पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ जल्द ही सुपौल की धरती पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि जिले की विभिन्न पंचायतों में कई सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पंचायत स्तर पर जर्जर सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग उठाई। साथ ही भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि भूमिहीन परिवारों के मुद्दे पर सरकार को राजनीति करने के बजाय उन्हें उनका अधिकार दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने महंगाई को देखते हुए वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाने की भी मांग की। इसके अलावा हजारी बाबा मंदिर में बाउंड्रीवाल निर्माण, विभिन्न स्थानों पर छठ घाटों के निर्माण तथा पोखरों की उड़ाही और सौंदर्यीकरण की मांग भी उन्होंने उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई समस्याओं को लेकर उनके द्वारा पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को ज्ञापन दिया गया है। कई मामलों में जांच रिपोर्ट की मांग भी की गई, लेकिन अब तक उन्हें रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई ज्ञापनों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार तथा संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों को इन समस्याओं पर शीघ्र गंभीरता से विचार करते हुए समाधान की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए। यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव झा ने कहा कि आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में आम लोग उनके साथ सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो हजारों लोग गिरफ्तारी देने और मुकदमों का सामना करने के लिए भी तैयार रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान और लोगों को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान होने तक जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र