कौशल विकास से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के बेहतर अवसर: जिलाधिकारी सारण

 






सारण, 06 अगस्त (हि.स.)।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आज हुई, जिसमें जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान के प्रभावी, व्यावहारिक और समयबद्ध निर्माण की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले की स्थानीय आवश्यकताओं, संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं का सटीक आकलन कर ही प्लान तैयार किया जाए।

इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार और आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों, प्रशिक्षण केंद्रों और वित्तीय संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्थानीय उद्योगों, सेवा क्षेत्र और बाजार की मांग के अनुसार शीघ्र प्लान का प्रारूप तैयार करें।

बैठक में जानकारी दी गई कि बिहार सरकार के सात निश्चय-2 अंतर्गत आर्थिक हल, युवाओं को बल कार्यक्रम के तहत जिले में निरंतर कौशल विकास प्रशिक्षण चलाया जा रहा है। सारण जिले में अब तक 1,41,419 युवाओं को कंप्यूटर, ब्यूटी थेरेपी, फैशन डिजाइनिंग, हेल्थकेयर, अकाउंट असिस्टेंट और सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षित किया जा चुका है।

प्रशिक्षण के बाद बड़ी संख्या में युवा आत्मनिर्भर होकर स्वरोजगार व निजी क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, लीड बैंक मैनेजर समेत कई विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार