पानी बहाने के विवाद में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

 


कटिहार, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत हवाई अड्डा परिसर में बुधवार को पानी बहाने के मामूली विवाद में एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान विकास यादव के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने का आरोप उसके भाई के दो सालों पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच में जुट गई है।

घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हवाई अड्डा परिसर में पानी बहाने को लेकर विकास यादव और उनके भाई अखिलेश यादव की पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अखिलेश यादव के साले बिट्टू यादव तथा चिट्टू यादव (दोनों पिता- काशीनाथ यादव, निवासी- बरमसिया, थाना- सहायक) ने कथित रूप से हथियार निकालकर विकास यादव पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से विकास यादव मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोलीबारी की सूचना मिलते ही सहायक थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीओपी) सदर-1-सह-पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) तथा सहायक थाना अध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी करने का सख्त निर्देश दिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह