भागलपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पीटा

 


भागलपुर, 21 जून (हि.स.)। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में रविवार को अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर कामराय रामपुर के समीप हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

मृतक की पहचान रामपुर निवासी बालेश्वर कुमार के पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि राकेश कुमार किसी कार्य से मुख्य सड़क के पास मौजूद थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। युवक की हत्या की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे दोनों आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे दोनों आरोपित गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ के बीच फंसे दोनों आरोपितों को सुरक्षित बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। बाद में घायल आरोपियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाज के लिए सुल्तानगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस की निगरानी में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों का कोई आपराधिक इतिहास रहा है या नहीं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे के कारणों का भी खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राकेश कुमार को निशाना बनाकर हत्या क्यों की गई और इसके पीछे व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले पर आधिकारिक रूप से अधिक जानकारी देने से बच रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मृतक के परिजन घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर