रक्सौल में गेहूं के खेत में खून से लथपथ मिला युवक,हालत नाजुक
पूर्वी चंपारण,11 अप्रैल (हि.स.)। जिले रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 04 सुंदरपुर में एक निजी स्कूल के समीप गेहूं के खेत से गंभीर रूप से घायल एक युवक मिला है।युवक खून से लथपथ था और उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही उक्त स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगो के अनुसार युवक के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि उस पर किसी धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया है।
सूचना पर मौके पर पहुंचे हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार ने घायल युवक को अपने वाहन से रक्सौल के डंकन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल युवक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है,पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट समेत अन्य आपराधिक कारणों के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
ऐसी आशंका है कि युवक नेपाल का रहने वाला है,जिसे हमलावर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद मृत समझकर सीमा पार भारतीय क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए हो।
घटनास्थल पर एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार