कटिहार में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन, 23 अक्टूबर तक करें आवेदन

 

कटिहार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक युवा कलाकारों व छात्र-छात्राओं से निर्धारित प्रारूप में 23 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस उत्सव में कुल पाँच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन को शामिल किया गया है। इन प्रतियोगिताओं में जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं सहित स्वतंत्र कलाकार भाग ले सकते हैं। सहभागिता के लिए प्रतिभागियों की आयु सीमा 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।

प्रतियोगिता में प्रदर्शन हेतु आवेदन पत्र प्रखंड व अंचल कार्यालय के सामने स्थित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, कटिहार से प्राप्त किया जा सकता है। विधिवत भरे हुए आवेदन फॉर्म को 23 अक्टूबर 2026 तक इसी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, समूह लोकगीत और समूह लोकगायन में चयनित होने वाले प्रतिभागी सीधे राज्य स्तर पर जिले का परचम लहराएंगे।

कार्यक्रम में प्रस्तुति, नियमों अथवा सहभागिता से जुड़ी किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी के लिए प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 6200997987 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह