भूमि विवाद में युवक ने ज़हर खाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)।
जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे रविवार को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी मोनिका कुमारी ने आरोप लगाया कि परिवार में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के कारण उनके पति मानसिक तनाव में थे। उनके अनुसार, जमीन को लेकर हुए विवाद में ननद द्वारा हिस्सा नहीं देने की बात कहे जाने से आहत होकर उनके पति ने कथित तौर पर ज़हर खा लिया।
हालांकि, युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक की पत्नी मोनिका कुमारी ने वर्ष 2022 से जुड़ा एक गंभीर आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि उनकी छोटी बहन पूजा कुमारी बचपन से उनके साथ रहती थी, लेकिन वर्ष 2022 में उनकी सास और ननद ने कथित तौर पर हरियाणा के कुछ लोगों के संपर्क में आकर उसे 50 हजार में बेच दिया।
मोनिका का आरोप है कि उस समय इस मामले की शिकायत प्रशासन तक नहीं पहुंच सकी और अब उन्होंने इस पूरे मामले को सार्वजनिक किया है। हालांकि, इस आरोप की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत और वर्ष 2022 के लगाए गए आरोपों सहित सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवक की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और बहन को बेचने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर