जीवछ नदी में स्नान के दौरान युवक डूबा, एनडीआरएफ की मांग को लेकर फोरलेन जाम
दरभंगा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के काकरघाटी गांव के समीप शनिवार को जीवछ नदी में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से एक युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मृतक काकरघाटी निवासी अखलेश यादव है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों और स्वजनों ने नदी में शव की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बताया गया कि शुक्रवार को गांव में एक बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीण जीवछ नदी घाट पर दाहसंस्कार के लिए गए थे। दाहसंस्कार के बाद शनिवार को अखलेश नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। ग्रामीणों के अनुसार, अखलेश को तैरना नहीं आता था।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों एवं स्वजनों ने बांस-बल्ले के सहारे नदी में शव की तलाश शुरू की। दोपहर करीब 12 बजे सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों ने एनडीआरएफ की टीम बुलाकर शव की तलाश कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के चार घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद एनडीआरएफ की टीम नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली चौक के समीप दरभंगा-सकरी मुख्य पथ पर आगजनी कर फोरलेन जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
मृतक के चाचा कृष्ण कुमार ने बताया कि दाहसंस्कार के बाद अखलेश नदी किनारे स्नान करने गया था। उसे तैरना नहीं आता था और गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। स्वजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक अपने स्तर से तलाश की, लेकिन शव नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की गई। जाम समाप्त होने के बाद ग्रामीण और पुलिस नदी में शव की तलाश में जुटे रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra