संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत

 




सारण, 07 मई (हि.स.)। मशरक थाना क्षेत्र के बेन छपरा निवासी 30 वर्षीय गजेंद्र कुमार साह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मशरक थाना के समक्ष एसएच 90 पर शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया, जिससे यातायात ठप रहा।

मृतक के पिता संत कुमार साह ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया है।

परिजन के अनुसार गजेंद्र डुमरसन गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में खाना बनाने गया था। बुधवार रात करीब 10 बजे एक अज्ञात कॉल के जरिए उसके एक्सीडेंट की सूचना मिली। हालांकि परिजनों का दावा है कि मृतक के शरीर पर जख्म के निशान और बाइक का सही-सलामत होना मामले को संदिग्ध बनाता है। छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक की पत्नी सुनीता देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे डीएसपी संजय कुमार सुधांशु और इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। पुलिस फिलहाल अज्ञात कॉल करने वाले और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार