मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, आत्महत्या की आशंका

 


किशनगंज, 20 जून (हि.स.)। जिले में ठाकुरगंज-अररिया रेलखंड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।

घटना तुलसिया हॉल्ट के समीप हुई, जहां से युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अररिया की ओर से ठाकुरगंज जा रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी जैसे ही तुलसिया हॉल्ट के पास पहुंची, वहां मौजूद एक युवक अचानक रेलवे ट्रैक के बीच आ गया। मालगाड़ी की गति अधिक होने के कारण चालक ट्रेन को रोक नहीं सका और युवक उसकी चपेट में आ गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तुलसिया हॉल्ट के संचालक ने रेलवे कंट्रोल रूम तथा रेल पुलिस (जीआरपी/आरपीएफ) को जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान सतकौआ पंचायत के नयनभिट्ठा गांव निवासी रामेश्वर गणेश के रूप में हुई। वह अनूप लाल गणेश का पुत्र था। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल रेल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह