पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक गिरफ्तार
डेहरी आन सोन, 18 जुलाई (हि.स.)। बिहार में रोहतास जिला के चेनारी थाना क्षेत्र के चेनारी बाजार में थाना की गाड़ी से कुचलकर कल देर रात एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक कृपा शंकर तिवारी 30 वर्ष पलौंधा निवासी विनय तिवारी के पुत्र थे। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक कृपा शंकर तिवारी पैदल जा रहे थे, इसी दौरान चेनारी थाना की गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। जिससे घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि पुलिस वैन के चालक नशे में थे। एसपी रौशन कुमार ने कहा कि चेनारी थाना के वाहन से यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है।वाहन को जप्त किया गया है। चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और ब्लड सैंपलिंग की गई है, जिसमें नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। स्वजनों से आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी की जा रही है।
एसपी ने कहा कि ऐसे मामले में जो प्रशासनिक मदद अपेक्षित है वह किया जा रहा है। पुलिस इस घटना में पूर्णतः विधि सम्मत कारवाई पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से करने की लिए कटिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा