बनियापुर में चंवर के पानी में डूबने से युवक की मौत
सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। बनियापुर थाना क्षेत्र के खबसा गांव स्थित चंवर में शौच के लिए गए 23 वर्षीय युवक संदीप कुमार की पानी में डूबने से मौत हो गई।
मृतक खबसा गांव निवासी राजेंद्र राय का पुत्र था और गांव में ही रहकर खेती-किसानी करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार संदीप कुमार कल शाम खबसा-सुरौंधा बांध की ओर शौच के लिए गया था, जहां पैर फिसलने से वह चंवर के गहरे पानी में चला गया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की लेकिन शाम होने के कारण शव नहीं मिल सका। अगले दिन शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार