सरयू नदी में डूबने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने जय प्रभा सेतु किया जाम

 






सारण, 05 मई (हि.स.)। जिले में मांझी नगर पंचायत स्थित दुर्गापुर घाट पर सरयू नदी में स्नान करने के दौरान मंगलवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गापुर निवासी प्रेम सिंह के पुत्र रौशन के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार रौशन अन्य लोगों के साथ दुर्गापुर घाट पर सरयू नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में ओझल हो गया। किनारे पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर घाट पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण अपने स्तर पर नावों के जरिए शव की तलाश में जुट गए। सूचना पाकर मांझी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। हालांकि घटना के घंटों बाद भी अंचल अधिकारी के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन शव को ढूंढने के लिए सरकारी गोताखोरों या एनडीआरएफ की टीम उपलब्ध कराने में सुस्ती बरत रहा है। प्रशासन के असहयोगात्मक रवैये से नाराज होकर ग्रामीणों ने जय प्रभा सेतु के एप्रोच मोड़ को आगजनी कर पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं।

रौशन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क पर डटे हुए थे और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने तथा शव को बरामद करने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे थे। पुलिस प्रशासन आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटा है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार