ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

 


भागलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)।

ट्रेन से गिरकर घायल हुए जिले के सबौर थाना क्षेत्र के लैलख गांव निवासी शंभू मंडल की मौत गुरुवार को मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।

उल्लेखनीय है कि साहेबगंज-मिर्जाचौकी रेलखंड पर बुधवार को ट्रेन से गिरकर शंभू गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि शंभु बुधवार को रोज की तरह मजदूरी करने के लिए साहेबगंज जा रहा था। इसी दौरान साहेबगंज और मिर्जाचौकी स्टेशन के बीच किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से गिर गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आज सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शंभु की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मायागंज अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि शंभु मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर