मामूली विवाद ने ली युवक की जान, मारपीट में घायल राहुल की पटना ले जाते समय मौत
सीवान, 19 जून (हि.स.)। सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के कोड़र गांव में मामूली कहासुनी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विवाद में लाठी-डंडे से की गई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय युवक राहुल कुमार की इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही राहुल का शव गांव पहुंचा, पूरे माहौल में मातम छा गया। जवान बेटे का शव देखते ही मां सुमिता देवी और पिता बिजली महतो बदहवास होकर रोने लगे। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। राहुल चार भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
मृतक राहुल कुमार कोड़र गांव निवासी बिजली महतो का पुत्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर किसी बात को लेकर राहुल कुमार की गांव के ही सुधीर कुमार और चुनचुन कुमार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि सुधीर कुमार और चुनचुन कुमार ने लाठी-डंडे से राहुल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में हालत गंभीर बनी रहने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया। परिजन उसे पटना ले जा रहे थे, लेकिन गुरुवार देर रात रास्ते में ही राहुल ने दम तोड़ दिया।
मां के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद मृतक की मां सुमिता देवी के बयान पर बसंतपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में गांव के ही चुनचुन कुमार और सुधीर कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma