नई बाइक की बुकिंग कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, साले की हालत गंभीर।
नवादा, 16 सितंबर (हि.स.)।विश्वकर्मा पूजा पर घर में नई बाइक आने की खुशी का इंतजार कर रहे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रजौली थाना क्षेत्र के अमावां मोड़ के समीप बुधवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ मौजूद साला गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड के तरौनी तेयार गांव निवासी राजेंद्र यादव के 24 वर्षीय पुत्र सुचित कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के कुर्था गांव निवासी साधु शरण यादव के पुत्र रतन कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सुचित कुमार अपने साले रतन कुमार के साथ रजौली स्थित बाइक शोरूम में नई बाइक की बुकिंग कराने आया था। बाइक की बुकिंग के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अमावां मोड़ के समीप पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुचित कुमार को मृत घोषित कर दिया। रतन कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।
सुचित खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी, दो बेटे, एक बेटी और माता-पिता का सहारा छिन गया। परिजनों ने बताया कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन नई बाइक घर लाने की तैयारी थी। बुधवार को ही पत्नी ने तीज का व्रत खोला था और घर में त्योहार की खुशियां थीं। शाम होते-होते वही खुशियां मातम में बदल गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन