ट्रेन के झटके से हुई मौत। बहन के यहां राखी बंधवाने जा रहा था युवक
नवादा, 28 अगस्त (हि.स.)।
जिले के वारिसलीगंज में घर से शुक्रवार को निकलकर गयाजी में रह रही बहन से राखी बंधवाने निकले युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गया क्यूल रेल खंड के बाघी बरडिहा गुमटी के पास उस वक्त घटी जब गया की तरफ से आ रही एक मालवाहक ट्रेन और क्यूल की ओर से आ रही पैसेंजर के क्रॉसिंग से दिगभ्रमित युवक की कनपटी में गार्ड वाले बोगी से झटका लगा और पत्थर पर गिरते ही युवक ने दम तोड़ दिया।
खेती कार्य के सहारे जीवन यापन चलाने वाला 40 वर्षीय युवक पप्पू सिंह वारिसलीगंज थाने के मय गांव का रहने वाला था। मृतक पप्पू अपने पीछे तीन संतान छोड़ गया है। जिसमें एकमात्र पुत्री की शादी वे पिछले वर्ष कर चुका था। बताया गया की एक माह पूर्व मृतक पप्पू से के बड़े भाई मनोज सिंह की भी दिल्ली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
अभी उस हादसे से परिवार उबर नहीं पाया था कि छोटे भाई की भी असमय मृत्यु हो गई। घटनास्थल पर वारिसलीगंज पुलिस के अलावा जीआरपी पुलिस पहुंची थी। जिन्होंने प्राथमिकी के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। पिछले 30 दिनों में दो भाइयों की असमय मृत्यु से गांव में शोक का माहौल कायम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन