सिकरहना नदी से युवक का शव बरामद

 


पूर्वी चंपारण, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के सुकुल पाकड़ पंचायत के बेलवतिया गांव से सटे पूरब सिकरहना नदी से शुक्रवार को एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। घटना की जानकारी मिलते हीं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए, जहां से स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाना को दी। सूचना मिलते हीं पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवा कर कब्जे में लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक बेलवतिया गांव निवासी बुल्ला सहनी के पुत्र छोटेलाल सहनी (30) है। बताया जाता है कि छोटेलाल सहनी की शादी करीब चार वर्ष पूर्व विजय सहनी की पुत्री से हुई थी। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार छोटेलाल अक्सर अपने ससुराल में हीं रहता था।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक के गले पर फंदे जैसा निशान देखा गया है,जिसको लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है।

थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार