आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं का योगदान अहम : संजय सरावगी
पटना, 07 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार भाजपा एनआरआई सेल के तत्वावधान में बुधवार को पटना के होटल लेमन ट्री, एग्जीबिशन रोड में सपनों का भारत 2047 कॉन्क्लेव के तहत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा एनआरआई सेल के संयोजक मनीष सिन्हा ने की। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं और युवा उद्यमियों के साथ संवाद किया तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष का भाजपा एनआरआई सेल के संयोजक मनीष सिन्हा द्वारा स्वागत किया गया। युवाओं को सम्बोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक दायित्व के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके संवैधानिक दायित्व के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे जननेता हैं, जिनकी नीतियों और सिद्धांतों में हमेशा यह प्राथमिकता रही है कि भारत विश्व में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचे और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बने। पिछले 25 वर्षों की जनसेवा में उन्होंने समाज के सभी वर्गों की चिंता की है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि युवा केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनें। इसी तरह युवा केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के यूजर न रहें, बल्कि एआई के क्रिएटर, इनोवेटर और एंटरप्रेन्योर भी बनें। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में युवा नए अवसरों का निर्माण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवा, उद्यमी, गरीब, किसान, श्रमिक और ईडब्ल्यूएस लाभार्थी सहित समाज के हर वर्ग के विकास को प्रधानमंत्री ने प्राथमिकता दी है। भारत आज तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ सैन्य शक्ति और अर्थव्यवस्था दोनों क्षेत्रों में देश आगे बढ़ रहा है।
संजय सरावगी ने कहा कि 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र बनेगा, तब उसके निर्माण में देश के युवाओं का बहुत बड़ा योगदान होगा। युवाओं के सपनों, नवाचार और ऊर्जा को सही दिशा मिलना विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा। उन्होंने युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, युवा उद्यमी और अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त