पीएम श्री नवोदय विद्यालय कोलासी में जिला स्तरीय युवा कला उत्सव का भव्य आयोजन, लोककला व प्रतिभाओं का दिखा संगम
कटिहार, 02 नवंबर (हि.स.)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी के बहुउद्देशीय सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय युवा कला उत्सव-2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव में जिले की युवा प्रतिभाओं, समृद्ध लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा परंपरागत रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
उत्सव के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आईं छात्राओं और युवाओं ने लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया, जिसे देखकर सभागार में मौजूद दर्शक व अतिथि भावविभोर हो गए।
मेधावी छात्राओं को मिला सम्मान
प्रतियोगिताओं में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और शानदार कला का प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को मंचासीन अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। अतिथियों ने छात्राओं के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा कलाकारों को अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का संबल मिलता है।
गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी
समारोह में मुख्य रूप से बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. नेहा कुमारी, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, नगर निगम महापौर उषा अग्रवाल, कला एवं संस्कृति विभाग की जिला प्राधिकारी रीना कुमारी तथा जेएनवी प्राचार्य डॉ. हरे राम कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से युवा पीढ़ी को सृजनात्मक कार्यों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. मनोरंजन कुमार ने बताया कि कला उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं में भारतीय संस्कृति और लोककलाओं के प्रति रुचि और सम्मान पैदा करना है। उन्होंने कहा कि कला सामाजिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति है। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक गीता कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कला प्रेमी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह