सीएमएस स्कूल के पास से छह जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

 




भागलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए भागलपुर पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित सीएमएस स्कूल के पास से एक संदिग्ध युवक को छह जिंदा कारतूस के साथ दबोचा गया है। सिटी डीएसपी हेमंत कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। सिटी डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सीएमएस स्कूल के पास पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी।

पुलिस टीम ने जब उसे रोककर उसकी अमली-जामा तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत अमरी बिशनपुर निवासी विष्णु देव कुमार के पुत्र मिथुन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आदमपुर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिटी डीएसपी हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी के पास यह कारतूस कहां से आए और वह किस बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में यहां आया था, यह अभी गहन जांच का विषय है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स और मोटरसाइकिल के कागजातों को खंगाल रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों का भी पता लगाया जा सके।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि शहर के संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की विशेष पैनी नजर है और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर