24.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

 


भागलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मनसर बगीचा में छापेमारी कर 24.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी मंगलवार को सिटी एसपी अतुलेश झा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को मनसर बगीचा में अवैध रूप से मादक पदार्थ का संग्रह कर खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र निवासी बीरबल कुमार यादव के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान उसके पास से 24.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ कर रही है।

सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से आया था और इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर