किशनगंज में 42.83 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

 


किशनगंज, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने केलटेक्स चौक के पास 42.83 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई शनिवार की शाम की गई।

गिरफ्तार आरोपित पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जिले के माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के सूर्यजेशन कॉलोनी ब्लॉक डी, नॉकाघाटी मोड़ निवासी 26 वर्षीय सुजित पासवान के है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

रविवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसपी संतोष कुमार को पांच सितंबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पश्चिम बंगाल के मालदा से मादक पदार्थ लेकर किशनगंज के केलटेक्स चौक होते हुए सिलीगुड़ी जाने वाला है। सूचना के सत्यापन के लिए एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ और किशनगंज थाना पुलिस की टीम ने केलटेक्स चौक पर जांच शुरू की।

इसी दौरान धर्मपुर की ओर से एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह तेजी से फरिंगगोला की ओर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस बल ने उसे रोक लिया और विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 42.83 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान के साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का भी पता लगाया जाएगा। चिन्हित संपत्तियों को नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह