किशनगंज रेलवे स्टेशन से 10 ग्राम मादक पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार
किशनगंज, 06 जून (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सदर थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने किशनगंज रेलवे स्टेशन परिसर से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से लगभग 10 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान डुमरिया निवासी चंदन यादव के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बाहर से मादक पदार्थ लेकर किशनगंज पहुंचने वाला है और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता है। सूचना के सत्यापन के बाद एएनटीएफ और सदर थाना पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पूछताछ के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से करीब 10 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पश्चिम बंगाल के दालकोला क्षेत्र से मादक पदार्थ लाकर किशनगंज में बेचता था। वह अपने घर के अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी शुरुआत में कम मात्रा में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता था, लेकिन धीरे-धीरे वह बड़े नेटवर्क से जुड़ने का प्रयास कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद एएनटीएफ और पुलिस की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और जिले में उसका नेटवर्क कितना विस्तृत था। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी तथा इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस का कहना है कि नशा कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह