रक्षाबंधन पर घर लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, मातम में बदलीं खुशियां

 


बेतिया, 28 अगस्त (हि.स.)।

रक्षाबंधन पर तमिलनाडु से घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

रक्षाबंधन के दिन शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी बच्चा चौधरी का पुत्र रोशन चौधरी था। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। उसकी आठ माह की एक बेटी भी है।

चाचा बृजकिशोर चौधरी ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रोशन मजदूरी करने तमिलनाडु गया था। रक्षाबंधन पर वह ट्रेन से घर लौट रहा था।

कप्तानगंज और हुगली के बीच चलती ट्रेन से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर रेल पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी। चाचा उसे गोरखपुर के शिवम हॉस्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक