45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का सफल आयोजन

 


सुपौल, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय तथा सभी समवायों एवं बाह्य सीमा चौकियों में एवं सफल योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवानों, स्कूल बच्चों, अध्यापकों एवं महिला कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। साथ ही वाहिनी की विभिन्न बाह्य सीमा चौकियों द्वारा वाइब्रेंट विलेज (जीवंत गांवों) में स्थानीय ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक योग सत्र आयोजित कर योग के प्रति जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया गया।

इस अवसर पर कमांडेंट गौरव सिंह ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने सभी को नियमित योग एवं व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित किया। कमांडेंट ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम Yoga for Healthy Aging (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) का उल्लेख करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को प्रत्येक आयु वर्ग में स्वस्थ, ऊर्जावान एवं सक्रिय बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में जगदीश कुमार शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी, प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट, हरजीत राव, उप कमांडेंट सहित अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान, महिला कार्मिक एवं जीवंत गांवों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र