वर्षों से रास्ते के लिए भटक रहे दलित परिवार, बच्चों की पढ़ाई और मरीजों का इलाज प्रभावित
सुपौल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-02 में रास्ते की समस्या को लेकर दर्जनों दलित परिवार वर्षों से परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनके घरों तक पहुंचने और आसपास के लोगों के आवागमन के लिए वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है। रास्ता बंद होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और मरीजों के इलाज में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, रास्ता बाधित होने से स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। खासकर बारिश के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है। वहीं, किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने या अचानक आपात स्थिति उत्पन्न होने पर उसे अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार मरीजों को चारपाई या अन्य साधनों से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिसके कारण इलाज में भी विलंब होने की आशंका बनी रहती है।
पीड़ित सत्य नारायण पासवान सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उक्त रास्ते का इस्तेमाल करीब 50 से 60 वर्षों से लगातार किया जाता रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग से करीब 40 से 45 परिवारों का आवागमन होता है। उनका कहना है कि रास्ते की समस्या कोई नई नहीं है। इसे लेकर ग्रामीण पिछले कई वर्षों से संबंधित अधिकारियों और प्रशासनिक कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं तथा कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से सबसे अधिक परेशानी गरीब और जरूरतमंद परिवारों को हो रही है। बच्चों को स्कूल भेजने, बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने तथा रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए मुख्य मार्ग तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थल की जांच कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने की मांग की है।
इस संबंध में पीड़ित परिवारों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कराने तथा वर्षों से बंद रास्ते को शीघ्र चालू कराने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह रास्ता उनके लिए महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन की बुनियादी जरूरतों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान कराने और प्रभावित परिवारों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र