राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए कटिहार की माही व वंदना का चयन
कटिहार, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कटिहार की दो बालिका पहलवानों—माही कुमारी और वंदना कुमारी ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत और स्थानीय खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
राज्य स्तरीय ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से आई शीर्ष महिला पहलवानों ने दांव-पेंच आजमाए। कड़े मुकाबले के बीच कटिहार की माही और वंदना ने अपनी तकनीकी दक्षता, गति और शानदार खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट हासिल किया। दोनों खिलाड़ी केंद्र सरकार की 'खेलो इंडिया' योजना से जुड़ी हैं और पिछले लंबे समय से नियमित अभ्यास व कड़े अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
खेल विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद छोटे शहर की बेटियों का यह मुकाम हासिल करना जिले में महिला कुश्ती के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह सफलता ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की अन्य बालिकाओं को भी खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।
जिले के खेल संघों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने दोनों प्रतिभावान बालिकाओं को बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके पदक जीतने और बिहार का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह