महाकाल मंदिर में मां कात्यायनी की पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
किशनगंज, 24 मार्च (हि.स.)। शहर के रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर में मंगलवार को चैत नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धा और भक्ति के माहौल में पूजा संपन्न हुई। मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत के सानिध्य में चल रही पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और दिनभर दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा। पुरोहित गुरु साकेत ने बताया कि चैत नवरात्र का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दौरान न केवल किशनगंज, बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में मां दुर्गा के साथ महाकाल बाबा की भी विधिवत पूजा की जाती है। शाम के समय मंदिर में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह