डुमरिया काली मंदिर परिसर में श्रद्धा के साथ हो रही मां दुर्गा की पूजा

 


किशनगंज, 25 मार्च (हि.स.)। चैती नवरात्र के अवसर पर शहर के डुमरिया काली मंदिर परिसर में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ की जा रही है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर में मां दुर्गा की स्थायी प्रतिमा स्थापित है, जहां विशेष रूप से चैत्र नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है। हालांकि, स्थायी प्रतिमा होने के कारण वर्ष भर भी श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहते हैं।

नवरात्र के अवसर पर भक्तों की भीड़ बढ़ गई है और लोग सच्चे मन से माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मंदिर कमिटी के सचिव राजा सिंह ने बताया कि यहां मां दुर्गा की स्थायी प्रतिमा स्थापित है और ऐसी मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से माता के दरबार में मत्था टेकता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। इसी आस्था के कारण बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंच रहे हैं। पूजा को सफल बनाने में मंदिर कमिटी के सदस्य शशांक सिंह, त्रिनयन, गोलू, विशाल, शंकर दास सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह