विश्व साइकिल दिवस निकाली गई साइकिल रैली, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 


भागलपुर, 03 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को मारवाड़ी युवा मंच नवगछिया शाखा के द्वारा साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए साइकिल रैली निकली गई। इस रैली का उद्धघाटन बाल भारती विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका, मंच के संरक्षक अभय प्रकाश मुनका, नरेश केडिया, प्रवीण केजरीवाल एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

यह आयोजन बाल भारती विद्यालय (गौशाला रोड) से प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर अजय रुंगटा ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।

संरक्षक नरेश केडिया ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सभी देशवासियों से अपील की है कि विदेशी मुद्रा और कच्चे तेल की आयात पर निर्भरता कम हो, इसके लिए तेल की खपत कम करनी है। इसमें छोटी दूरी के लिए साइकिल सबसे अच्छी साधन है।

अध्यक्ष चेतन मुनका ने कहा कि साइकिल का नियमित उपयोग शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। हृदय रोगों के जोखिम को कम करता है तथा मानसिक स्वास्थ्य को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। साथ ही, साइकिल प्रदूषण रहित परिवहन का साधन होने के कारण कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर निकली यह रैली युवा शक्ति राष्ट्र शक्ति, एवं तेल बचाओ - साइकिल अपनाओ के नारों के साथ बाल भारती विद्यालय से प्रारम्भ होते हुए महाराज जी चौक, हरिया पट्टी, भगत मोहल्ला होते हुए नवगछिया स्टेशन परिषद पहुंची। वहां से पुनः नगर भ्रमण करते हुए माल गोदाम, मारवाड़ी विवाह भवन, गरीबदास ठाकुरबारी रोड होते हुए पुनःबाल भारती विद्यालय पहुंची। जहां मंच के सदस्यों द्वारा सभी के बीच, ठंडा पानी, जूस, बिस्किट का वितरण किया गया। शाखा अध्यक्ष ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस रैली के अवसर पर नवगछिया के प्रबुद्धजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में साइकिल रैली में सहभागिता का उत्साह था। मारवाड़ी युवा मंच ने सभी से अपील की वे छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करें।

कार्यकम को सफल बनाने में सहयोगी संस्था बाल भारती के संजय चिरानीयां, शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार, शाखा के उपाध्यक्ष सौरभ गर्ग, उपकोषाध्यक्ष ओम यादुका, वरिष्ठ सदस्य गोविन्द केडिया के साथ साथ संस्था के सदस्य लगे हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर