विश्व रक्तदाता दिवस पर मेगा ब्लड डोनेशन कैंप, डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने रक्तदान कर किया शुभारंभ
सीवान, 14 जून (हि.स.)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के पी देवी मोड़ स्थित सिटी पैलेस मैरिज हॉल एंड होटल में टीम सारथी एवं डिस्ट्रिक्ट ब्लड डोनर टीम (डीबीडीटी), सीवान के संयुक्त तत्वावधान में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्वयं रक्तदान कर किया।
शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीबीडीटी के संस्थापक सचिव नेमतुल्लाह खान ने कहा कि थैलेसीमिया, कैंसर और एप्लास्टिक एनीमिया जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए नियमित रक्तदान जीवनदान के समान है।
उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की.इस अवसर पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा, रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है.।
समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। युवाओं की यह सहभागिता समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है। कार्यक्रम के आयोजक साहिल मकसूद ने बताया कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से
इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.शिविर में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ब्लड बैंक के नोडल ऑफिसर डॉ अनूप कुमार दुबे एवं डॉ अंकुर कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में रक्तदान संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma