विपक्ष को महिला आरक्षण को दलगत भावना से ऊपर उठकर देखना चाहिए था: दर्शना सिंह
पटना, 19 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश कार्यालय में आज संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा एनडीए में शामिल सभी दलों की महिला नेत्रियों ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि नारी के हक और अधिकार देने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था लेकिन विपक्ष का चेहरा बेनकाब हो गया है। जब यह सत्र बुलाया गया था तब देश की आधी आबादी इंतजार कर रही थी अब उनका हक और अधिकार मिलेगा। देश की नारी को यह भी उम्मीद थी कि विपक्ष के लोग दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आधी आबादी के हक को समर्थन देने का काम करेंगे।
उन्होने कहा कि विपक्ष तीन दशकों से महिला आरक्षण बिल को लटका कर रखा था और इस बार भी उन्होने वही किया। उनकी मंशा साफ नहीं थी , उन्हें महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नही देना था। 17 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक हो सकता था, लेकिन विपक्ष के इस कृत्य से आधी आबादी अपमानित हुई। इस अपमान को वे कभी नहीं भूलेगी। महिला आरक्षण को दलगत भावना से ऊपर उठकर देखना चाहिए था। महिलाएं संवेदनशील होती है। टीएमसी की प्रमुख महिला है उन्हें महिलाओं का दर्द समझना चाहिए था। देश की नारी को पीएम मोदी पर भरोसा है।
पूर्व मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार आधी आबादी को सशक्त करने के लिए लगातार काम कर रही है। एनडीए सरकार ने महिला अधिकार देने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, लेकिन विपक्ष ने इसे मजाक बना दिया। जब यह बिल पारित नहीं हुआ तो विपक्ष के लोग खुशियां मना रहे थे। आने वाले समय मे देश की महिलाएं इसका बदला जरूर लेंगी।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा की विधायक स्नेहलता कुशवाहा ने विपक्ष के लोगों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे महिला विरोधी है। उंन्होने कहा कि हमारी पार्टी गाँव गाँव जाकर विपक्ष की इस रवैये को लेकर महिलाओं को सचेत करेगी।
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की विधायक ज्योति देवी ने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं की ताकत को कम करने का काम किया है। विपक्ष की कभी सोच नहीं रही कि वे महिलाओं को आगे बढ़ा सकें। उंन्होने साफ लहजे में कहा कि इस बिल का पारित नहीं होना देश की सरकार की नहीं सभी महिलाओं का अपमान है।
लोजपा (रामविलास) महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा पासवान ने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के अधिकार से वंचित किया गया है। उंन्होने कहा कि हम महिलाओं को पीएम मोदी पर भरोसा है और विश्वास है कि आने वाले समय में यह बिल जरूर पास होगा।
इस मौके पर एमएलसी अनामिका सिंह पटेल, निवेदिता सिंह, एमएलए संगीता कुमारी, महापौर सीता साहू, पटना जिला परिषद की अध्यक्ष स्तुति गुप्ता, ज्योति देवी, महिला आयोग की अध्यक्ष सजल झा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, प्रीति शेखर शामिल थी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त