कजरैली थाना परिसर में 20 महिला सिपाही बैरक का उद्घाटन
भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर पुलिस की ओर से महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कजरैली थाना परिसर में नवनिर्मित 20 महिला सिपाही बैरक का उद्घाटन शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिहार पुलिस लगातार पुलिस अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण की दिशा में काम कर रही है।
महिला पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। नए बैरक के शुरू होने से महिला सिपाहियों को बेहतर रहने का माहौल मिलेगा, जिससे वे अधिक समर्पण और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अनुशासन, जवाबदेही और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, नियमित गश्ती, साइबर अपराध, अवैध शराब और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने नवनिर्मित बैरक का निरीक्षण किया और इसके रखरखाव एवं सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस पहल से महिला पुलिसकर्मियों का मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा आम नागरिकों को और अधिक प्रभावी पुलिस सेवा मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर