खेलो इंडिया अस्मिता महिला वॉलीबॉल लीग का शानदार आगाज
भागलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। खेलो इंडिया, साईं, खेल मंत्रालय और वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय खेलो इंडिया अस्मिता महिला वॉलीबॉल लीग का आगाज सोमवार को रन्नुचक मकंदपुर उच्च विद्यालय के मैदान में हुआ। लीग का उद्देश्य गांव गांव कस्बों कस्बों में खेल का प्रचार प्रसार करना और प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर राज्य, राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रशिक्षण की सुविधा देकर ओलंपिक स्तर तक भेजना है।
लीग का उद्घाटन राष्ट्रीय स्तर के पूर्व खिलाड़ी सुरेंद्र चौधरी, संजीव राय, और गणेशानंद चौधरी ने किया। आयोजन सचिव सह सचिव भागलपुर जिला वॉलीबॉल संघ अजय राय ने बताया कि आज उद्घाटन मैच समेत कई एक मैच खेले गए। कल प्रतियोगिता का क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे। आज रेफरी के रूप में अनिल रॉय, विनय सिंह, शंकर चौधरी, पम्पेश एवं कुणाल भारती थे। बिहार वॉलीबॉल संघ के कोचिंग सचिव नील कमल राय ने बताया कि कल फाइनल मैच और पारितोषिक समारोह के मुख्य अतिथि विधायक कुमार शैलेन्द्र, विशिष्ट अतिथि मिथुन कुमार, विधायक और कार्यक्रम की अध्यक्षता भागलपुर वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष सह समाजसेवी विजय यादव होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर