बिहार के डेहरी में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान 11 महिला सिपाहियों की तबीयत बिगड़ी
डेहरी आन सोन,14 जून (हि.स .)। बिहार में रोहतास जिले के डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस दो ( बीसैप -2) में महिला सिपाहियों के बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान रविवार की सुबह 16 किलोमीटर लंबी दौड़ में गर्मी और शारीरिक थकान के कारण चक्कर आने से 11 प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें तत्काल डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
तीन महिला प्रशिक्षु की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल सासाराम में तथा प्रशिक्षु विनीता कुमारी की ज्यादा स्थिति खराब देख उन्हें हायर सेंटर में रेफर कर दिया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विनीता कुमारी को नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जमुहार में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति में सुधार है। सदर अस्पताल सासाराम में इलाज करा रही तीन महिला प्रशिक्षु के स्वास्थ्य में भी पहले से सुधार हुआ है।
महिला बटालियन सासाराम की डीएसपी बबली कुमारी ने बताया कि बटालियन की 1358 महिला प्रशिक्षणार्थियों को बुनियादी प्रशिक्षण बीसैप दो डेहरी में दिया जा रहा है। जिसमें पटना, नालंदा और गोपालगंज जिला बल की महिला सिपाही शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस दो परेड ग्राउंड से इंद्रपुरी चौक तक लगभग 16 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी।
दौड़ के दौरान सुबह में अत्यधिक गर्मी और शारीरिक दबाव के कारण 11 प्रशिक्षु सिपाही चक्कर आने से गिर गई। जिन्हें अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। तीन को सदर अस्पताल सासाराम रेफर किया जा रहा है, जबकि एक का इलाज नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जमुहार में कराया गया है, जहां स्थिति बेहतर है।
अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज करा रही सात महिला प्रशिक्षु को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। सभी बटालियन में आ गई है। बताया कि बुनियादी प्रशिक्षण में शारीरिक दक्षता परीक्षा दौड़ कराकर ली जाती है। इसे पास करने पर ही प्रशिक्षण को पूरा माना जाता है। दौड़ में शामिल सभी सिपाहियों के लिए जगह जगह पानी की व्यवस्था के साथ एम्बुलेंस एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल के प्रबंधक राणा राजेश ने बताया कि यहां 11 महिला सिपाही दौड़ में बीमार होने के बाद भर्ती हुई थीं, जो धूप या अन्य कारणों से बेहोश और बीमार होकर आई थीं। इनमें से चार महिला सिपाहियों की हालत थोड़ी ज़्यादा गंभीर थी, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ, पेट में दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें थीं। बाकी सिपाहियों को भी उल्टी और सिर घूमने की समस्या थी, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद बाकी सभी ठीक होकर अपने बटालियन में लौट चुकी हैं। गंभीर रूप से बीमार चार प्रशिक्षु सिपाहियों में से तीन मुजफ्फरपुर की श्यामली कुमारी, बेतिया की विनीता कुमारी, लखीसराय की सोनम कुमारी को सदर अस्पताल के लिए रेफर किया था और एक को उच्च इलाज के लिए आगे रेफर किया गया। पुलिस विभाग के लोग उन्हें बेहतर इलाज के लिए नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले गए हैं।
डीएसपी ने बताया कि सभी प्रशिक्षुओं की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकांश प्रशिक्षु अब सामान्य स्थिति में हैं और किसी प्रकार की गंभीर स्थिति नहीं है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सिपाहियों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और कार्यकुशलता का आकलन करना है। प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा