भागलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.3 किलो गांजा और 81,400 रुपये कैश बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार

 


भागलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले की नाथनगर थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भुआलपुर इलाके में छापेमारी कर 9.3 किलोग्राम गांजा और 81,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। मौके से एक महिला तस्कर इंदु देवी (पति फंटूस मंडल) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पति और एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे।

डीएसपी 2 राकेश कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को भुआलपुर में बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नाथनगर थानाध्यक्ष परमेश्वर साहनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पवन कुमार, पीएसआई मो. मुख्तार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने भुआलपुर स्थित आरोपियों के घर और दुकान पर एक साथ दबिश दी।

पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी फंटूस मंडल उर्फ धर्मेंद्र मंडल और साधु मंडल उर्फ निपेंद्र मंडल पुलिस की आहट पाकर घेराबंदी के बावजूद भाग निकले। इसके बाद जब पुलिस टीम ने घर और दुकान की गहन तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में गांजा और उसे बेचकर जुटाए गए 81,400 रुपये नकद बरामद हुए। डीएसपी 2 ने बताया कि पुलिस ने जब्त गांजा और नकदी को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

गिरफ्तार महिला इंदु देवी से पूछताछ की जा रही है, ताकि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों और खरीदारों का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। फरार दोनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर