भागलपुर रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उल्टा पुल के नीचे से 4 किलो गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

 


भागलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर और उसके आसपास नशा तस्करों के खिलाफ राजकीय रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने रविवार को स्टेशन परिसर स्थित उल्टा पुल के नीचे घेराबंदी कर एक महिला तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के पास से तस्करी के लिए लाया गया 4 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। यह पूरी कार्रवाई जीआरपी थाना के इंस्पेक्टर नसीम अहमद और आरपीएफ पोस्ट के इंस्पेक्टर ए.के. गिरी के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई।

रेल पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर के पास मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना मिलते ही दोनों थानों के कप्तानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक जॉइंट टीम बनाई और उल्टा पुल के नीचे संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उक्त महिला को दबोच लिया, जिसके पास से तलाशी के दौरान 4 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस की गिरफ्त में आई महिला तस्कर की पहचान पूर्णिया जिले के रुपौली की रहने वाली 27 वर्षीय महिला के रूप में की गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह गांजे की यह खेप कहां से लाई थी और भागलपुर में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। रेल पुलिस के लिए पिछले 48 घंटों के भीतर नशा तस्करों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले भी इस संयुक्त टीम ने कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन में सघन छापेमारी अभियान चलाकर भारी मात्रा में लावारिस हालत में गांजा बरामद किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है।

रेल पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने बताया कि गिरफ्तार महिला से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नशा सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य मुख्य सरगनाओं का पर्दाफाश किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर