करंट लगने से महिला की मौत
भागलपुर, 16 जून (हि.स.)। जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र के कुलकुलिया गांव में मंगलवार को करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कुलकुलिया निवासी संजय कुमार की 30 वर्षीय पत्नी बबिता देवी के रूप में की गई है। महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।
बताया जा रहा है कि बबिता देवी स्नान करने के बाद अपने कमरे में कपड़े बदलने गई थीं। इसी दौरान वह किसी विद्युत उपकरण या बिजली के तार के संपर्क में आ गईं और अचेत होकर गिर पड़ीं। घटना के समय घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे और किसी को हादसे की भनक तक नहीं लगी। काफी देर तक जब बबिता देवी कमरे से बाहर नहीं निकलीं और दरवाजा भी नहीं खुला तो परिजन को चिंता होने लगी। परिजन ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजन ने दरवाजा तोड़ दिया।
कमरे के अंदर बबिता देवी अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। परिजन तत्काल उसको लेकर अनुमंडलीय अस्पताल कहलगांव पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में भी परिजन की भीड़ जुट गई। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति संजय कुमार सहित अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर