महिला पर्यवेक्षिका पर रिश्वत के आरोप की जांच शुरू, तत्काल प्रभाव से मुख्यालय बुलाया

 

सुपौल, 30 सितंबर (हि.स.)। छातापुर बाल विकास परियोजना कार्यालय में पदस्थापित महिला पर्यवेक्षिका संगीता कुमारी के विरुद्ध कथित रिश्वत लेने और कार्यों के निष्पादन में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू की है।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। संगीता कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका को तत्काल प्रभाव से जिला प्रोग्राम कार्यालय, आईसीडीएस, सुपौल में योगदान करने का निर्देश दिया गया है।

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, छातापुर को निर्देश दिया गया है कि संबंधित महिला पर्यवेक्षिका से सभी सरकारी अभिलेख, दस्तावेज एवं अन्य प्रभार नियमानुसार प्राप्त करते हुए सुरक्षित रखा जाए।

वायरल वीडियो एवं प्राप्त शिकायत के आलोक में महिला पर्यवेक्षिका से कारण-पृच्छा प्राप्त करने तथा पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच करने का भी निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि जांच के लिए स्पष्ट मंतव्य सहित प्रतिवेदन तीन दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद जांच से प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र