खेत में काम कर रही महिला की लाठी से पीटकर हत्या

 

डेहरी आन सोन, 26 मई (हि.स.)। रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के नीचला खोरी गांव के बधार में आज शाम अपनी सब्जी की खेत में काम कर रही महिला की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई।

घटना का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतका सीमा देवी 30 वर्ष इसी गांव की अरविंद विश्वकर्मा की पत्नी थी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंचकर शव को अपने कब्जा में ले ली है।

एसपी रौशन कुमार ने बताया कि सीमा देवी की हत्या किसने और क्यों की यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रकिया पूरी कर सदर अस्पताल सासाराम ले जाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सीमा देवी अपने खेत में काम कर रही थी। देर शाम दो लोग सब्जी के खेत में पहुंच लाठी से पीटने लगे। सीमा देवी के रोने चिल्लाने की आवाज आई तो लोग दूरी व अंधेरा के कारण हमलावरों की पहचान नहीं कर सके। बाद में जब खेत की ओर गए तब देखा की सीमा देवी लहूलुहान पड़ी हुई हैं।

घटना की सूचना घर वालों व पुलिस को दी। स्वजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तबतक सीमा देवी की मौत हो चुकी थी। हत्या की सूचना पुलिस को साढे सात बजे मिली।

थानाध्यक्ष दीवाकर कुमार व एसआई अनामिका कुमारी घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिए। घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस बारे में स्वजनों से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा