नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, तीन माह की मासूम को छोड़ गई मां

 


नवादा ज़07 जुलाई (हि.स.)।

जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के कौआकोल कोनी पर मोहल्ला में मंगलवार को एक 21 वर्षीय नवविवाहिता ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान कोनी पर मोहल्ला निवासी अर्जुन राम एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका बच्ची कुमारी के छोटे पुत्र कुंदन कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (21 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, देर रात सोनी कुमारी अपनी तीन माह की पुत्री को सोई हुई अवस्था में पति के पास छोड़कर दूसरे कमरे में चली गईं।मंगलवार की दोपहर जब किवाड़ तोड़ी गई तो पाया गया कि उन्होंने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि सोनी कुमारी का मायका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुठौत (प्यारेपुर) गांव में है। वह गौतम राम की पुत्री थीं। उनकी शादी 25 मई 2025 को कुंदन कुमार के साथ हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही कौआकोल पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूछताछ के लिए मृतका के पति को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है । पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन