नवादा में ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, पति घायल
नवादा, 11 अप्रैल (हि.स.)। नवादा जिले से राजगीर-हिसुआ हाईवे पर भुलान बिगहा के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति को बेरहमी से रौंद दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
मृतक शारदा देवी, जो अपने पति कृष्ण देव चौहान के साथ मोटरसाइकिल से राजगीर की ओर से अपने घर भोला बिगहा जा रही थीं। जैसे ही वे भुलान बिगहा के पास पहुंचे, एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया,जिसमें शारदा देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कृष्ण देव चौहान की गंभीर स्थिति में नवादा सदर अस्पताल से उच्च संस्थान रेफर किया गया है।
इस घटना ने स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणाें ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह सड़क अब 'डेथ जोन' बनती जा रही है। स्थानीय वार्ड पार्षद और समाजसेवियों का कहना है कि उन्होंने जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में लिखित रूप से इस स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) लगवाने की मांग की थी लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों लगभग नवंबर माह से अब तक इस विशेष खंड पर 50 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद प्रशासन की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही है, जिसका खामियाजा आज एक परिवार को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन