घास काट रही महिला पर बाघ ने किया हमला, हुई मौत

 

पश्चिम चंपारण(बगहा), 23 सितंबर(हि.स. )। बिहार के पश्चिम चंपारण जिला के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत मदनपुर वनक्षेत्र में बुधवार को बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई है। घटना नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव स्थित महजिदिया सरेह की है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सिरिसिया गांव निवासी जरलहिया अपने धान के खेत में बैठकर मवेशियों के लिए घास काट रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद महिला ने शोर मचाया।

महिला की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहीं कुछ महिलाएं मौके पर पहुंचीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने बाघ को महिला को अपने साथ ले जाते देखा। बाघ को सामने देखकर महिलाएं भयभीत हो गईं और शोर मचाते हुए वहां से हट गईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी लाठी-डंडा लेकर घटनास्थल की ओर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ की गतिविधियों की निगरानी शुरू कर दी। वनकर्मियों द्वारा आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और खेतों की ओर जाने में लोग सतर्कता बरत रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी