विकास योजनाओं में तेजी लाएं, लंबित कार्यों का समय पर करें निष्पादन : डीएम

 


सुपौल, 09 अक्टूबर (हि.स.)।जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, पंचायत सरकार भवन निर्माण तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं की नियमित निगरानी करें और विभागीय समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाएं।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, पंचायत सरकार भवन निर्माण और पेंशन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे।

बैठक में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकास कुमार, निदेशक लेखा प्रशासन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र