साइकिल से केदारनाथ के यात्रा पर निकले असम के चार युवकों का रिवीलगंज में हुआ स्वागत

 




सारण, 11 मई (हि.स.)। रिविलगंज भक्ति और संकल्प की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए असम के नालबाड़ी जिले से बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए निकले चार शिव भक्तों का जत्था अपनी साइकिल यात्रा के 15वें दिन सारण जिला के रिविलगंज प्रखंड पहुंचा।

इनई ब्रह्मबाबा स्थान के समीप स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों ने तीर्थयात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। भीषण गर्मी को देखते हुए सेवादारों ने सभी यात्रियों को शीतल जल और लस्सी पिलाकर उनकी थकान मिटाई। इस यात्रा में कथित रूप से असम निवासी गणेश दास, राज दास, प्रांजल हलोई और कौशिक हलोई शामिल हैं। यात्रियों ने बताया कि उनकी इस कठिन यात्रा का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने अपनी योजना साझा करते हुए कहा कि वे महर्षि गौतम ऋषि आश्रम अहिल्या उद्धार केंद्र में दर्शन के पश्चात काशी विश्वनाथ और अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम के दर्शन करेंगे। इसके बाद विभिन्न तीर्थ स्थलों से होते हुए वे बाबा केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह मुन्ना बैजुटोला, नरेंद्र सिंह, अभिषेक शर्मा, रविन्द्र सिंह, शैलेश यादव, महेश पासवान और सरोज सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। युवाओं के इस जज्बे की स्थानीय लोग काफी सराहना कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार