छपरा से पठानकोट के बीच 20 जुलाई से चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
सारण, 10 जुलाई (हि.स.)। आगामी त्योहारों के सीजन और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने छपरा-पठानकोट-छपरा साप्ताहिक विशेष गाड़ी 05193/05194 चलाने का निर्णय लिया है।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, उत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं से कुल 11 फेरों के लिए किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 05193 छपरा से 20 जुलाई से 28 सितम्बर, 2026 तक हर सोमवार को दोपहर 14:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन छपरा कचहरी, थावे, कप्तानगंज, गोरखपुर, गोंडा, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर और अम्बाला कैंट सहित विभिन्न मुख्य स्टेशनों से होते हुए अगले दिन रात 22:15 बजे पठानकोट पहुँचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05194 पठानकोट से 22 जुलाई से 30 सितम्बर, 2026 तक प्रत्येक बुधवार को मध्यरात्रि 00:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 09:15 बजे छपरा लौटेगी।
यात्रियों के सफर के लिए इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। इनमें साधारण, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणियां शामिल होंगी, जिससे सभी वर्ग के यात्रियों को सुलभ टिकट मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार