पंचायत की राजनीति का असली चेहरा दिखाएगा वेबसीरीज 'मुखियापति', शूटिंग हुई पूरी
सहरसा, 15 अप्रैल (हि.स.)।बिहार की राजनीति और सामाजिक ताने-बाने को पर्दे पर उतारने वाली बहुप्रतीक्षित वेबसीरीज 'मुखियापति' की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। पटना और सोनपुर के मनोरम लोकेशंस पर फिल्माई गई यह सीरीज पंचायत चुनाव के रोमांच और सत्ता के पीछे के असली सच को उजागर करेगी। पंचायत की राजनीति का असली चेहरा दिखाएगा वेबसीरीज 'मुखियापति',बिहार की ग्रामीण राजनीति और पंचायत चुनावों के जोड़-तोड़ पर आधारित नई वेबसीरीज 'मुखियापति' जल्द ही दर्शकों के बीच होगी। पटना के नौबतपुर और सारण के सोनपुर में शूटिंग पूरी होने के बाद अब यह सीरीज रिलीज के लिए तैयार है।
सीरीज का मुख्य उद्देश्य बिहार पंचायत चुनाव से पहले समाज के सामने सत्ता और अधिकार के बीच की कशमकश को लाना है। सत्ता की भूख और 'महिला आरक्षण' की हकीकत इस वेबसीरीज की कहानी पंचायत चुनाव और सत्ता के गलियारों में रची जाने वाली तिकड़मों के इर्द-गिर्द घूमती है। सीरीज एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि महिलाओं को आरक्षण तो मिल गया, लेकिन क्या वे स्वतंत्र रूप से निर्णय ले पाती हैं? या आज भी वे 'मुखियापति' के हाथों की कठपुतली मात्र बनकर रह गई हैं? एक ओर पद पर बने रहने की जिद है, तो दूसरी ओर लोकतांत्रिक अधिकारों की परीक्षा। इस वेबसीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसके तकनीकी और अभिनय पक्ष में कोशी क्षेत्र के कलाकारों का जलवा दिखेगा। सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) के सरोजा निवासी प्रख्यात लेखक व निर्देशक रितेश परमार ने इस सीरीज का निर्देशन किया है। सैकड़ों एड फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और धारावाहिकों का अनुभव रखने वाले परमार ने इस कहानी को बेहद बारीकी से पर्दे पर उतारा है।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता व निर्देशक कुन्दन वर्मा ने बतौर सह-निर्देशक इस प्रोजेक्ट में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भोजपुरी फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री और कोशी की बेटी अर्पणा मल्लिक मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। वहीं, 'शशि सरोजनी रंगमंच सेवा संस्थान' के मंझे हुए कलाकार राज कुमार भी लीड रोल में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाते दिखेंगे। वेबसीरीज के निर्माता राजू स्नेही हैं।
सह-निर्देशक कुन्दन वर्मा के अनुसार, सीरीज की शूटिंग पूरी होने के बाद अब इसे जल्द ही रिलीज करने की योजना है, ताकि पंचायत चुनाव के माहौल में लोग इस कहानी से जुड़ सकें। ग्रामीण परिवेश, राजनीति का खेल और सामाजिक सरोकारों को समेटे यह वेबसीरीज न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि समाज को सोचने पर भी मजबूर करेगी।इस अवसर पर एसोसिएट डायरेक्टर विवेक ओझा।सीरीज के मुख्य अभिनेता एवं अभिनेत्री,नितेश कुमार, कशिश काम्या, नवीन कुमार, कुणाल कुमार, उदय सागर, रजनी कांत कुशवाहा, सुजीत कुमार उमा, अंजली शर्मा, जया अग्रवाल, पूजा सिंह, दीपा कुमारी, रिंकल, पूजा कुमारी आदि ने अभिनय किया।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार