मौसम का बदला मिजाज, जमकर हुई बारिश, तपती गर्मी से मिली राहत

 


अररिया 26 अप्रैल(हि.स.)। नेपाल के तलहटी में बसे फारबिसगंज में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। देर रात के बाद रविवार दोपहर को तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को तपती गर्मी से निजात मिला और लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। वहीं बेमौसम बारिश के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ जाने के कारण आवागमन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

रविवार दोपहर अचानक आकाश काले बादल से घिर गए और दिन में रात का माहौल पैदा हो गया। जिसके बाद तेज हवा के साथ झमाझम बारिश से बाजार में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बारिश के कारण शहर के कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।वहीं स्टेशन चौक से शिव मंदिर जाने वाले सड़क और पोस्ट ऑफिस चौक से कृषि उत्पादन बाजार समिति होते हुए सुभाष पूरी तरह से दलदल में बदल गया।जिसके कारण लोगों को दिनभर आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

तेज हवा और बारिश के कारण किसानों को काफी नुकसान हुआ है। लेकिन इन सबके बीच पिछले एक सप्ताह से तपतपाती गर्मी से लोगों को राहत मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर