मध्य विद्यालय करेला नूरपुर में वॉटर प्यूरीफायर सह वाटर कूलर स्थापित, बच्चों को मिलेगा शुद्ध व शीतल पेयजल
भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को भारत विकास परिषद सत्यम शाखा एवं लायंस क्लब, भागलपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक सराहनीय पहल की गई। दोनों संस्थाओं की ओर से नूरपुर पंचायत के मध्य विद्यालय करेला नूरपुर में बच्चों के लिए एक आधुनिक वॉटर प्यूरीफायर प्रदान किया गया। इससे अब स्कूली बच्चों को शुद्ध पानी के साथ-साथ भीषण गर्मी में ठंडा जल भी मिल सकेगा।
गौरतलब है कि मध्य विद्यालय करेला, भागलपुर के नूरपुर पंचायत के करेला गांव में स्थित है, जहाँ कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। इस स्कूल और इसके आसपास के क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को स्वच्छ पानी पीने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता था। बच्चों की इसी समस्या को देखते हुए भारत विकास परिषद सत्यम शाखा और लायंस क्लब ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए आज स्कूल को यह उपयोगी उपहार सौंपा।
इस अवसर पर लायंस क्लब के पवन बाजोरिया, पद्मा बाजोरिया, सत्यम शाखा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार, सचिव प्रदीप जालान, कोषाध्यक्ष डॉ. मनीष जालान, अंग शाखा के सचिव चांद झुनझुनवाला, विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सुमन, मनोज शर्मा और रवींद्र गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके साथ ही स्कूल के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने संस्थाओं के इस नेक कार्य के लिए आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर